विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी ने विभिन्न बूथों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

संवाददाता — कानपुर देहात

माननीय निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में दिनांक 18 जनवरी 2026 को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय मिलकिनपुरवा स्थित मतदान केंद्र/बूथ का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मतदाता सूची के सार्वजनिक वाचन की प्रक्रिया का अवलोकन किया गया तथा ड्राफ्ट मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं अद्यतन स्थिति की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि कुछ मतदाताओं की फोटो स्पष्ट नहीं है, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देशित किया कि ऐसे सभी मतदाताओं की फोटो पुनः लेकर शीघ्रता से अपडेट कराई जाए, ताकि मतदाता सूची पूर्णतः त्रुटिरहित बनाई जा सके।

जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बीएलओ को प्रिव्यू ऑप्शन के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे मतदाता सूची को अंतिम रूप देने से पूर्व संभावित त्रुटियों का समय रहते सुधार सुनिश्चित किया जा सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने फॉर्म-6 (नए मतदाताओं के पंजीकरण/संशोधन) की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन के साथ आवश्यक एवं वैध अभिलेख अनिवार्य रूप से संलग्न हों।

साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि प्रत्येक आवेदन पत्र में घोषणा पत्र पर आवेदक के हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से प्राप्त किए जाएं, जिससे किसी भी प्रकार की त्रुटि या अपूर्णता न रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि शुद्ध, अद्यतन एवं पारदर्शी मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है, और इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो सके।

निरीक्षण के दौरान संबंधित निर्वाचन अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *