प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 से खिले गरीबों के चेहरे, मुख्यमंत्री ने 2 लाख लाभार्थियों को दी सौगात

जनपद में सजीव प्रसारण के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में पहुँची 20.13 करोड़ रुपये की अनुदान राशि

संवाददाता — उरई/जालौन

उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के तहत हर गरीब को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाया गया। माननीय मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत प्रदेश के 02 लाख पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे 2,000 करोड़ रुपये की अनुदान राशि का बटन दबाकर अंतरण किया।

इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जनपद जालौन में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में सजीव प्रसारण के माध्यम से अवलोकन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में माननीय सांसद नारायणदास अहिरवार, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

जनपद जालौन में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत कुल 2013 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 20.13 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे अंतरण की गई, जिससे लाभार्थियों में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर सांसद नारायणदास अहिरवार ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीबों के जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और सम्मान लेकर आई है, जिसके लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार बधाई की पात्र हैं।

सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का संकल्प है कि कोई भी गरीब परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे। यह योजना केवल मकान निर्माण नहीं, बल्कि सुरक्षित भविष्य की नींव है।

कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से धरातल पर उतर रही हैं और आमजन को उनका सीधा लाभ मिल रहा है।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से लाभ पहुंचाया जा रहा है, जिससे गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल ने लाभार्थियों से आवास निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने एवं योजना की शर्तों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पक्का मकान मिलने से उनका जीवन अब अधिक सुरक्षित, स्थिर एवं सम्मानजनक हो गया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *