संवाददाता — कानपुर देहात
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय बालिका दिवस एवं उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर जनपद कानपुर देहात में बालिकाओं के सशक्तिकरण को लेकर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दिनांक 24 जनवरी 2026 को ईको पार्क माती में माननीय कैबिनेट मंत्री मत्स्य विभाग श्री संजय कुमार निषाद, माननीय सांसद देवेंद्र सिंह भोले एवं जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी हेतु प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया गया।
यू.पी. बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की टॉपर बालिकाओं को ₹5000 की धनराशि के डमी चेक, प्रशस्ति पत्र तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के लोगो युक्त ट्रैकसूट एवं कैप प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बैडमिंटन, कबड्डी एवं “सपनों की उड़ान” (पतंगबाजी) प्रतियोगिताओं में विजयी बालिकाओं को ट्रैकसूट, प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
बालिका सशक्तिकरण, बाल विवाह की रोकथाम एवं लिंगानुपात में सुधार के उद्देश्य से कम लिंगानुपात वाले विकासखंडों में नुक्कड़ नाटक जागरूकता अभियान हेतु टीम को माननीय मंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर मंत्री श्री निषाद ने कहा कि समाज को बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करना हम सभी की जिम्मेदारी है, तभी बेटियां आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती रेनू यादव ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना एवं महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों 181, 1090, 112, 1098, 1076, 1930 के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारीगण, उपायुक्त स्वरोजगार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।