किसानों को मिलेगा समय पर और उचित मूल्य पर उर्वरक

जनपद जालौन | 10 अक्टूबर 2025
(सूचना विभाग, प्रकाशनार्थ)

जिलाधिकारी ने किया समितियों व दुकानों का औचक निरीक्षण, कालाबाजारी पर सख्त चेतावनी

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर आज जनपद में सभी उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं जिला कृषि अधिकारी द्वारा विभिन्न सहकारी समितियों और निजी उर्वरक दुकानों पर उर्वरक की उपलब्धता का व्यापक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि रबी सीजन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की कमी या असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने स्वयं कुकरगांव बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड सहित अन्य समितियों तथा जालौन नगर स्थित पंकज ट्रेडर्स (1800 बोरी), प्रमीणा ट्रेडर्स (1800 बोरी) एवं प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र (1350 बोरी) का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सभी दुकानों व समितियों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक का भंडार उपलब्ध पाया गया।

उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिए कि रेट सूची प्रमुख स्थान पर चस्पा करें, ताकि किसानों को मूल्य की स्पष्ट जानकारी रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि सरकारी समितियों और निजी दुकानों दोनों पर एक ही प्रकार का उर्वरक समान दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है, इसलिए किसानों को किसी प्रकार की अफवाह या भ्रम पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

उन्होंने यह भी अवगत कराया कि सहकारी समितियाँ दो दिनों तक बंद रहेंगी, ऐसे में किसान निजी अधिकृत दुकानों से भी उचित मूल्य पर उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि निजी दुकानों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, अतः किसान किसी भी अधिकृत दुकान से आसानी से उर्वरक खरीद सकते हैं।

जिलाधिकारी ने सख्त चेतावनी दी कि यदि कहीं भी ओवररेटिंग या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने किसानों से अपील की कि ऐसी स्थिति में जिलाधिकारी नियंत्रण कक्ष (Control Room) में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि “शासन की प्राथमिकता है कि हर किसान को समय पर, पारदर्शी तरीके से और उचित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाए, ताकि रबी फसलों की बुवाई निर्बाध रूप से संपन्न हो सके और किसान निश्चिंत होकर कृषि कार्य कर सकें।”

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *