संवाददाता
कानपुर देहात
दिनांक 21 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जनपद कानपुर देहात पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक महोदया श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में संचालित किया गया।
अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त थानों द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों तथा शासन द्वारा संचालित सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें
181 – महिला हेल्पलाइन,
1090 – महिला शक्ति लाइन,
1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन,
112 – आपातकालीन सेवा,
1076 – पुलिस कंट्रोल रूम शामिल हैं।
इसके साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया समझाई गई तथा सोशल मीडिया एवं इंटरनेट पर होने वाले साइबर अपराधों—जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल व ऑनलाइन धोखाधड़ी—से बचाव हेतु व्यावहारिक सुझाव एवं सावधानियां साझा की गईं।
महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए पॉक्सो अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के अंतर्गत साइबर अपराधों से संबंधित कानूनों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
कानपुर देहात पुलिस ने “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” की भावना के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही जनपदवासियों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने, संबंधित हेल्पलाइन नंबरों अथवा 112 पर संपर्क करें।