जनपद जालौन
दिनांक – 05 अक्टूबर 2025
सूचना विभाग, प्रकाशनार्थ
सभी ने ली स्वच्छता एवं जनजागरूकता की शपथ
जनपद जालौन में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान (05 से 31 अक्टूबर 2025) एवं दस्तक अभियान (11 से 31 अक्टूबर 2025) के सफल क्रियान्वयन हेतु आज कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, तथा जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की संयुक्त उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
जागरूकता रथ को रवाना करने के बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को संचारी रोग नियंत्रण एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की शपथ दिलाई गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि —
“स्वच्छता ही रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने घर, आस-पड़ोस और समुदाय में स्वच्छता बनाए रखे, जिससे मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और जापानी इंसेफलाइटिस जैसी बीमारियों से बचाव किया जा सके।”
उन्होंने यह भी बताया कि अभियान के अंतर्गत पूरे जनपद में घर-घर संपर्क, स्वच्छता अभियान, एंटी-लार्वा छिड़काव, प्रचार-प्रसार रथ एवं जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना हुआ यह जागरूकता रथ जनपद के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं संचारी रोगों की रोकथाम के प्रति प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र देव शर्मा, अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।