24 से 26 जनवरी तक जनपद स्तर पर होंगे विविध कार्यक्रम
उरई, दिनांक 22 जनवरी 2026 (सू.वि.)
मुख्य विकास अधिकारी एवं उपाध्यक्ष, जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद जालौन के.के. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा निर्गत शासनादेश दिनांक 08 जनवरी 2026 के क्रम में तथा जिलाधिकारी महोदय द्वारा दिनांक 16 जनवरी 2026 को विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आहूत समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुसार जनपद स्तर पर उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का आयोजन 24 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक “विकसित उत्तर प्रदेश – विकसित भारत” की थीम पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दिनांक 24 जनवरी 2026 को मा० श्री संजय गंगवार जी, राज्यमंत्री (गन्ना विकास एवं चीनी मिल) के गरिमामयी आतिथ्य में राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई के ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं समस्त व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपादित कराने हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।
अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद उरई द्वारा दिनांक 23 एवं 24 जनवरी 2026 को ऑडिटोरियम परिसर की संपूर्ण साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। समस्त विभागों द्वारा उत्तर प्रदेश दिवस-2026 की थीम पर आधारित फ्लैक्सी, बैनर, स्टैंडी, प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें गत वर्ष की उपलब्धियां, अद्यतन प्रगति, योजनाओं के लाभार्थियों की जानकारी एवं प्रचार-प्रसार सामग्री प्रदर्शित की जाएगी।
कार्यक्रम में प्रतिभाशाली व्यक्तियों, उत्कृष्ट कलाकारों एवं विभागीय योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्वीकृति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसकी संपूर्ण रूपरेखा दिनांक 23 जनवरी 2026 तक जिला पंचायत राज अधिकारी, जालौन को ई-मेल dprojl-up@nic.in एवं हार्डकॉपी में उपलब्ध कराई जाएगी।
विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से संबंधित हॉर्डिंग, बैनर, फ्लैक्सी, स्टैंडी एवं पीपीटी को ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर के समन्वय से तैयार कराकर प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा छात्र-छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर नामित नोडल अधिकारी के अवलोकन उपरांत दिनांक 21 जनवरी 2026 तक जिला पंचायत राज अधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा 1000 प्रतिभागियों हेतु लंच एवं पेयजल, ऑडिटोरियम में एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, माइक, कुर्सी-मेज, विभागीय नाम पट्टिकाएं तथा जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण पत्र वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
जिला उद्यान अधिकारी द्वारा मंच की पुष्प एवं गुब्बारों से सजावट तथा अतिथियों हेतु पुष्पगुच्छ की व्यवस्था की जाएगी।
जिला सूचना अधिकारी द्वारा दिनांक 24 से 26 जनवरी 2026 तक आयोजित समस्त कार्यक्रमों का प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार एवं तिथिवार मीडिया कवरेज सुनिश्चित कराया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि संबंधित अधिकारी सौंपे गए दायित्वों के अनुसार अपनी-अपनी तैयारियां सुनिश्चित करते हुए दिनांक 24 जनवरी 2026 को अपने अधीनस्थों के साथ कार्यक्रम स्थल पर स्वयं उपस्थित रहकर कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।
इस संपूर्ण आयोजन हेतु जिला पंचायत राज अधिकारी, जालौन को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।