156वीं गांधी एवं 121वीं शास्त्री जयंती पर जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण, दिलाई स्वच्छता की शपथ

गांधी-शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि – जिलाधिकारी

जालौन, 02 अक्टूबर 2025।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 121वीं जयंती पर आज जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कैम्प कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया। तत्पश्चात जिलाधिकारी ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने गांधीजी एवं शास्त्रीजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। गांधीजी ने सत्याग्रह और सविनय अवज्ञा के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा प्रदान की। 02 अक्टूबर का दिन ज्ञात-अज्ञात सभी स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने कहा कि गांधीजी के आदर्शों पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। महिलाओं की उन्नति, बालिका शिक्षा, दहेज प्रथा उन्मूलन और महिला सशक्तिकरण पर उनके विचार आज भी मार्गदर्शक हैं। इसी दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला, निराश्रित महिला पेंशन, मिशन शक्ति, बीसी सखी, सामूहिक विवाह योजना जैसी अनेक योजनाओं के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार विजन-2047 के अनुरूप विकसित भारत के निर्माण हेतु उत्तर प्रदेश को ‘वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी’ बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के आधार पर आमजन, किसानों, महिलाओं और युवाओं के उत्थान के लिए निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने गांधीजी की ग्राम स्वराज्य की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांवों को आत्मनिर्भर बनाना ही वास्तविक विकास है। उन्होंने गांधीजी के सत्य, अहिंसा, सादा जीवन-उच्च विचार, भाईचारा और सर्वधर्म सम्भाव जैसे आदर्शों को आत्मसात करने पर बल दिया।

अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारीगण तथा अन्य अधिकारियों ने गांधीजी के जीवन मूल्यों, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान और अन्त्योदय की अवधारणा को प्रेरणादायी बताया।

इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी अतुल कुमार, उप जिलाधिकारी हेमन्त पटेल, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *