विकसित उत्तर प्रदेश @2047 : आत्मनिर्भर मॉडल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया विकास की आधारशिला

कानपुर देहात, 28 सितम्बर 2025
उत्तर प्रदेश को विकसित राज्य बनाने और शताब्दी संकल्प @2047 को साकार करने के उद्देश्य से आज माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री जी ने प्रदेशभर के ब्लॉकों एवं पंचायतों में चल रहे कार्यों का अवलोकन किया और जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद स्थापित किया। कानपुर देहात जिले में आयोजित इस संवाद में जिलाधिकारी कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन, ब्लॉक प्रमुख उर्वशी सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी जुड़े।

संवाद के दौरान ब्लॉक स्तर पर कराए गए महत्वपूर्ण कार्यों—जैसे रेन वाटर हार्वेस्टिंग व्यवस्था, मार्केट परिसर में पिक टॉयलेट निर्माण, नून नदी के उद्गम स्थल का पुनरुद्धार, अस्पतालों में शेड निर्माण—को प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री जी ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर स्थापित आत्मनिर्भरता के ऐसे मॉडल को पूरे प्रदेश में लागू किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने अपने संबोधन में कहा कि “आत्मनिर्भरता ही विकसित उत्तर प्रदेश का मूल मंत्र है। विकसित भारत का मार्ग विकसित उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक पंचायत, जनप्रतिनिधि और नागरिक इस अभियान का हिस्सा बने। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, सड़क, उद्योग और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं ने प्रदेश को नई गति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री जी ने अपील की कि सभी जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में गोष्ठियाँ आयोजित कर जनता को विकसित उत्तर प्रदेश @2047 संकल्प से जोड़ें। साथ ही नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बहुमूल्य सुझाव एवं सहयोग सरकार तक पहुँचाएँ। इसके लिए बारकोड स्कैन कर अथवा https://samarthuttarpradesh.up.gov.in पोर्टल पर विचार साझा किए जा सकते हैं।

इस अवसर पर जिले के समस्त विकास खंडों के ब्लॉक प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्य, परियोजना निदेशक, खंड विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल व जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी प्रतिभा सिंह सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *