त्योहारों पर मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, पापड़–साबूदाना–आटा व घी के नमूने संगृहीत

जालौन, 22 सितम्बर 2025 (सूचना विभाग)।
नवरात्र एवं दशहरा जैसे प्रमुख त्योहारों के मद्देनज़र आमजन को शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग सक्रिय हो गया है।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार विभागीय टीम ने सोमवार को जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए।

अभिहित अधिकारी डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने—

  • जवाहर गंज, उरई स्थित पवन कुमार के प्रतिष्ठान से पापड़ का नमूना,

  • सुशील टिकरिया के प्रतिष्ठान से सिंघाड़े का आटा व साबूदाना,

  • आटा कस्बा, कालपी स्थित मनोज कुमार गुप्ता के प्रतिष्ठान से घी का नमूना संगृहीत किया।

सभी नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट में दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत कठोर विधिक कार्यवाही की जाएगी।

इसके अलावा त्योहारों के दौरान मिलावट पर रोक और स्वच्छ आहार उपलब्ध कराने हेतु तहसील माधौगढ़ के अंतर्गत रामपुरा नगर पंचायत सभागार में “सुरक्षित आहार, स्वस्थ जीवन का आधार” विषय पर स्ट्रीट फूड वेंडरों को प्रशिक्षण भी दिया गया।

इस अभियान में सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार, महेश प्रसाद तथा अनिल कुमार शंखवार शामिल रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *