प्रभारी मंत्री डॉ. संजय निषाद का औचक निरीक्षण, तहसील व कोतवाली अकबरपुर में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

संवाददाता — कानपुर देहात

मा० मंत्री/प्रभारी मंत्री, मत्स्य विभाग उत्तर प्रदेश डॉ. संजय कुमार निषाद ने तहसील अकबरपुर एवं कोतवाली अकबरपुर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने तहसील परिसर के विभिन्न पटलों एवं कक्षों का अवलोकन किया और साफ-सफाई, पत्रावलियों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, शुद्ध पेयजल व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को आवश्यक अभिलेख एवं सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराई जाएं तथा जनसुनवाई नियमित रूप से आयोजित कर प्राप्त प्रार्थना-पत्रों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए शासन की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।

कोतवाली अकबरपुर के निरीक्षण में मंत्री ने शिकायतों के प्रभावी निस्तारण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, परिसर की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, मेस प्रबंधन, ड्यूटी चार्ट के नियमित अंकन एवं पंजिकाओं के अद्यतन रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मिशन शक्ति केन्द्र के निरीक्षण के दौरान शिकायत पंजिका का अवलोकन किया गया, जिसमें जनवरी 2026 की 37 शिकायतों का पूर्ण निस्तारण पाया गया, जबकि फरवरी 2026 की 06 शिकायतों में से 05 का निस्तारण हो चुका था। शेष लंबित शिकायत के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त मंत्री ने नगर पंचायत को कोतवाली गेट पर हरियाली विकसित करने तथा शौचालय व परिसर की साफ-सफाई रोस्टरवार सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष रेणुका सचान, निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष, उप जिलाधिकारी अकबरपुर नीलिमा यादव, क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *