अभिलेखों के अद्यावधिकरण व लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
संवाददाता — उरई/जालौन
जनपद की पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से दुर्गेश कुमार द्वारा थाना कुठौन्द का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों, एचएस (हिस्ट्रीशीटर) इंडेक्स एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के समय पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के समुचित रखरखाव एवं नियमित अद्यावधिकरण, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा थाना परिसर की साफ-सफाई एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना स्तर पर की जा रही कार्यवाहियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।