जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना सिकन्दरा का किया औचक निरीक्षण

थाना कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा व शिकायत निस्तारण को लेकर दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

दिनांक: 20 दिसम्बर, 2025
जनपद: कानपुर देहात

आज दिनांक 20 दिसम्बर 2025 को जनपद कानपुर देहात के कपिल सिंह एवं श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा संयुक्त रूप से थाना सिकन्दरा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय व्यवस्था, माल मुकदमाती कक्ष, जनरल डायरी (जी0डी0), माल रजिस्टर, हिस्ट्रीशीट, सर्विलांस व्यवस्था, सीसीटीएनएस, ई-एफआईआर, कर्मचारियों की बीट बुक, भोजनालय सहित अन्य अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का विस्तारपूर्वक निरीक्षण किया गया। इस दौरान पायी गई कमियों एवं त्रुटियों के संबंध में थाना प्रभारी व संबंधित अधिकारी/कर्मचारियों को तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही माल मुकदमाती एवं शस्त्रों की सुरक्षा एवं अनुरक्षण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।

महिला आरक्षियों से संवाद एवं मिशन शक्ति फेज 5.0

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा महिला आरक्षियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए मिशन शक्ति फेज 5.0 के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़े इस अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए इसके प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर

अधिकारियों ने थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी एवं शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुनने एवं त्वरित, निष्पक्ष एवं न्यायोचित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), क्षेत्राधिकारी सिकन्दरा, थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *