प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 के अंतर्गत ऐतिहासिक डीबीटी कार्यक्रम, कानपुर देहात में भव्य आयोजन

संवाददाता — कानपुर देहात

प्रदेश के शहरी गरीब एवं मध्यम वर्ग के नागरिकों को सुरक्षित, पक्का एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एक और ऐतिहासिक कदम उठाया गया। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में लखनऊ से प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 के अंतर्गत प्रदेश के 02 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में ₹2,000 करोड़ की अनुदान राशि का डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे अंतरण किया गया।

इसी क्रम में जनपद कानपुर देहात के इको पार्क, माती में भव्य जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण लाभार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों को दिखाया गया। मुख्यमंत्री द्वारा अपने संबोधन में आवास योजना के उद्देश्यों, पारदर्शिता एवं गरीबों के जीवन स्तर में सुधार हेतु सरकार की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के प्रेरक एवं मार्गदर्शक संबोधन को ध्यानपूर्वक देखा और सुना।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम में माननीय राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, विधायक रसूलाबाद पूनम शंखवार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, अकबरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर माननीय राज्य मंत्री एवं विधायक रसूलाबाद ने उपस्थित लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 गरीबों एवं जरूरतमंदों के लिए जीवन बदलने वाली योजना है। उन्होंने कहा कि डीबीटी प्रणाली के माध्यम से धनराशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुँचने से पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है तथा भ्रष्टाचार की संभावनाओं पर प्रभावी अंकुश लगा है

कार्यक्रम के दौरान योजना के अंतर्गत चयनित विभिन्न लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। जनपद कानपुर देहात के कुल 2962 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 के अंतर्गत प्रथम किस्त की धनराशि प्राप्त हुई, जिससे उनके पक्के आवास निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ।

कार्यक्रम से पूर्व जिलाधिकारी कानपुर देहात कपिल सिंह द्वारा कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने लाभार्थियों को अवगत कराया कि माननीय मुख्यमंत्री स्वयं लाभार्थियों को सीधे संबोधित करेंगे एवं प्रथम किस्त की धनराशि का अंतरण डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने सभी लाभार्थियों से मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुनने तथा योजना का समुचित लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में हुआ। लाभार्थियों ने शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पक्का मकान मिलने से उनका जीवन अब अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक हुआ है। यह आयोजन प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 के माध्यम से “सबको पक्का मकान” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी पहल सिद्ध हुआ।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *