जम्मू-कश्मीर में आतंकी मुठभेड़, विशेष बल के कमांडो शहीद

एजेंसी | जम्मू

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में विशेष बल का एक कमांडो शहीद हो गया। सेना ने शहादत की पुष्टि करते हुए बताया कि शहीद कमांडो की पहचान गजेन्द्र सिंह, निवासी उत्तराखंड, के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को किश्तवाड़ के सोमार वन क्षेत्र में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा संयुक्त तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया, लेकिन इस मुठभेड़ के दौरान कमांडो गजेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

अत्यधिक घायल होने के कारण उपचार के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त की। सेना ने बताया कि कमांडो ने ऑपरेशन के दौरान अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

व्हाइट नाइट कोर ने सोमवार को शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि “हम अपने जांबाज कमांडो के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हैं। इस दुःख की घड़ी में सेना शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।”

सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *