जनसुनवाई में 30 शिकायतें, 22 का मौके पर निस्तारण

बुज़ुर्ग को मिली सुनने की ताक़त, निराश्रित महिला को मिला सहारा

योजनाओं का लाभ मिलते ही खिले चेहरे

संवाददाता – उरई/जालौन

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जनसुनवाई आयोजित कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर जिलाधिकारी ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल, ठोस एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाए कि नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जनसुनवाई के दौरान कुल 30 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 22 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। त्वरित समाधान से संतुष्ट फरियादियों के चेहरों पर राहत और विश्वास की झलक साफ दिखाई दी।

निराश्रित महिला को मिला सहारा

जनसुनवाई में ग्राम हरचंदपुर निवासी मंजू देवी, पत्नी स्वर्गीय राजू, ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि पति की मृत्यु के बाद मृत्यु प्रमाण पत्र न बनने के कारण उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को उसी दिन मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रोबेशन अधिकारी को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत बच्चों को लाभान्वित करने तथा जिला पूर्ति अधिकारी को राशन कार्ड बनाए जाने के निर्देश भी तत्काल जारी किए।

90 वर्षीय बुज़ुर्ग को मिली सुनने की शक्ति

इसी जनसुनवाई में 90 वर्षीय रामनारायण, पुत्र मथुरा प्रसाद, निवासी सतोह, तहसील कौंच, ने बताया कि उन्हें कान से कम सुनाई देता है और आंखों से भी कम दिखाई देता है। बुज़ुर्ग की समस्या सुनते ही जिलाधिकारी ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि उन्हें उसी दिन श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया जाए तथा आंखों की जांच कराकर चश्मा बनाया जाए

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में उसी दिन रामनारायण को कान की मशीन, चश्मा उपलब्ध कराया गया तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा उनका आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड भी बनाया गया, जिससे भविष्य में निःशुल्क उपचार की सुविधा सुनिश्चित हो सके। शासन की योजनाओं का लाभ पाकर बुज़ुर्ग के चेहरे पर संतोष और राहत की मुस्कान लौट आई।

सुशासन की जीवंत तस्वीर

जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पुलिस, विद्युत, चकरोड, घरेलू विवाद सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *