संवाददाता — कानपुर देहात
पुलिस अधीक्षक, जनपद कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा दिनांक 19 जनवरी 2026 को पुलिस लाइन, कानपुर देहात में प्रस्तावित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल एवं साइबर थाना हेतु चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदया ने संबंधित अधिकारियों के साथ परियोजना की संभावनाओं, उपयोगिता एवं आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जनपद में पुलिस की आधुनिक तकनीकी क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करना है।
प्रस्तावित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल के निर्माण से जिले से लेकर राज्य स्तर तक की बैठकों, समीक्षा कार्यक्रमों एवं प्रशिक्षण कार्यों में समय और संसाधनों की बचत होगी, जिससे प्रशासनिक कार्यों की प्रभावशीलता बढ़ेगी।
वहीं, प्रस्तावित साइबर थाना साइबर अपराधों की रोकथाम एवं त्वरित जांच के लिए एक विशेष इकाई के रूप में कार्य करेगा। इससे बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के साथ-साथ पीड़ित नागरिकों को शीघ्र न्याय एवं सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
पुलिस अधीक्षक महोदया ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों परियोजनाओं को यथाशीघ्र मूर्त रूप देने हेतु सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि ये पहलें कानपुर देहात पुलिस को डिजिटल रूप से और अधिक सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होंगी।