संवाददाता — जालौन
जनपद जालौन में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद गणना चरण के दौरान कुछ मतदाताओं की मैपिंग पिछली विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2003 की सूची से नहीं हो पाई। ऐसे मतदाताओं को क्रमबद्ध रूप से नोटिस जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता इन नोटिसों पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए बिना भी उत्तर दे सकते हैं। इसके लिए मतदाता किसी अधिकृत प्रतिनिधि को लिखित अनुमति देकर अपने स्थान पर नोटिस का जवाब दे सकते हैं।
मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर लॉगिन करके नोटिस की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। नोटिस के जवाब में जन्म तिथि एवं जन्म स्थान के प्रमाण के लिए 13 प्रकार के अभिलेख मान्य हैं, जिनमें जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर, आधार कार्ड, सरकारी पहचान पत्र आदि शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय में नोटिस का उत्तर दें और मतदाता सूची में अपने विवरण को सुनिश्चित करें।