मिशन शक्ति 5.0: महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों को लेकर जागरूकता अभियान

कानपुर देहात पुलिस ने बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर चलाया विशेष अभियान

संवाददाता
कानपुर देहात

दिनांक 20 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जनपद कानपुर देहात पुलिस द्वारा व्यापक अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक महोदया श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में संचालित किया गया।

अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त थानों की पुलिस टीमों द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों, महिला सुरक्षा योजनाओं तथा साइबर सुरक्षा के प्रति सजग करना रहा। इस दौरान प्रतिभागियों को महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई, जिनमें—
181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) शामिल हैं।

इसके साथ ही महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई तथा सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां एवं व्यावहारिक सुझाव दिए गए।

महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों से अवगत कराते हुए POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आई.टी.) अधिनियम के अंतर्गत साइबर अपराध से संबंधित प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।

कानपुर देहात पुलिस ने दोहराया कि वह “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” की भावना के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है। साथ ही जनपदवासियों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने, संबंधित हेल्पलाइन नंबरों अथवा 112 पर संपर्क करें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *