उरई, दिनांक 22 जनवरी 2026 (सू.वि.)
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) / उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश श्री नवदीप रिणवा के निर्देशों के क्रम में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत नागरिकों द्वारा भरे जाने वाले फार्म-6 के संबंध में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र भरना अनिवार्य है। फार्म-6 में आवेदक का नाम एवं सही पता शुद्ध वर्तनी में, नवीनतम स्पष्ट फोटो तथा वर्तमान मोबाइल नंबर अंकित किया जाना आवश्यक है।
आयु प्रमाण से संबंधित अभिलेख
आयु के प्रमाण हेतु निम्न में से कोई एक अभिलेख प्रस्तुत किया जा सकता है—
सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, हाईस्कूल/इंटरमीडिएट प्रमाण पत्र (जिसमें जन्म तिथि अंकित हो), भारतीय पासपोर्ट अथवा जन्म तिथि के प्रमाण से संबंधित कोई अन्य वैध दस्तावेज।
यदि कोई अभिलेख उपलब्ध न हो, तो 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग के आवेदकों को माता-पिता अथवा गुरु (तृतीय लिंग के संदर्भ में) के हस्ताक्षरयुक्त शपथ पत्र (अनुलग्नक-27) के साथ बीएलओ/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष उपस्थित होना होगा। यदि माता-पिता जीवित न हों तो ग्राम प्रधान/नगर निगम/नगर पंचायत सदस्य द्वारा प्रदत्त आयु प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया जा सकता है।
यदि आवेदक की आयु 21 वर्ष या उससे अधिक है, तो केवल घोषणा पत्र प्रस्तुत करना पर्याप्त होगा।
निवास प्रमाण से संबंधित अभिलेख
निवास प्रमाण हेतु निम्न में से कोई एक अभिलेख मान्य होगा—
कम से कम एक वर्ष पुराना पानी/बिजली/गैस बिल, आधार कार्ड, राष्ट्रीयकृत/अनुसूचित बैंक या डाकघर की पासबुक, भारतीय पासपोर्ट, राजस्व विभाग का भूमि स्वामित्व अभिलेख (किसान बही सहित), पंजीकृत किरायानामा अथवा पंजीकृत विक्रय विलेख।
यदि कोई अभिलेख उपलब्ध न हो, तो निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा स्थलीय सत्यापन कराया जाएगा।
घोषणा पत्र संबंधी प्रावधान
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत फार्म-6 के साथ दिए जाने वाले घोषणा पत्र में आवेदक को वर्ष 2003 की अंतिम मतदाता सूची में स्वयं अथवा माता-पिता/दादा-दादी/नाना-नानी में से किसी एक का विवरण विधानसभा क्षेत्र संख्या, भाग संख्या एवं क्रम संख्या सहित प्रस्तुत करना होगा।
यदि सही मैपिंग पाई जाती है तो कोई नोटिस जारी नहीं होगा। विवरण उपलब्ध न होने या डाटाबेस से मेल न खाने की स्थिति में आवेदक को नोटिस निर्गत किया जाएगा।
नोटिस की स्थिति में आवश्यक अभिलेख
नोटिस के उत्तर में आवेदक को आयोग द्वारा निर्धारित 13 प्रकार के वैध अभिलेखों में से कोई एक प्रस्तुत करना होगा, जिनमें सरकारी पहचान पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर, भूमि/मकान आवंटन प्रमाण पत्र, बिहार एसआईआर मतदाता सूची का अंश (01.07.2025 संदर्भ तिथि) आदि सम्मिलित हैं। आधार से संबंधित मामलों में आयोग द्वारा जारी निर्देश लागू होंगे।
जन्म तिथि के अनुसार अतिरिक्त प्रावधान
-
01.07.1987 से पूर्व जन्म होने पर स्वयं का एक प्रमाण पर्याप्त होगा।
-
01.07.1987 से 02.12.2004 के बीच जन्म होने पर स्वयं के साथ माता या पिता का प्रमाण भी देना होगा।
-
02.12.2004 के बाद जन्म होने पर स्वयं तथा माता-पिता दोनों के प्रमाण प्रस्तुत करने होंगे।
यदि किसी अभिभावक की नागरिकता भारतीय नहीं है, तो जन्म के समय का वैध पासपोर्ट एवं वीजा प्रस्तुत करना होगा। विदेश में जन्म की स्थिति में भारतीय मिशन द्वारा जारी जन्म पंजीकरण प्रमाण पत्र अथवा नागरिकता पंजीकरण प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।
ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन
उन्होंने बताया कि कोई भी पात्र नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in पर जाकर ऑनलाइन फार्म-6 (घोषणा पत्र सहित) भर सकता है। वहीं ऑफलाइन फार्म-6 सही-सही भरकर आवश्यक अभिलेखों के साथ अपने बीएलओ/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को भी जमा किया जा सकता है।