स्नाइपर गन से सांसद ने साधा निशाना

संवाददाता – कानपुर

कानपुर के साढ़ स्थित डिफेंस कॉरिडोर में मंगलवार को सांसद रमेश अवस्थी ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आधुनिक तकनीक पर आधारित हथियारों एवं रक्षा उपकरणों का निरीक्षण किया तथा उनके निर्माण की प्रक्रिया को नज़दीक से समझा।

डिफेंस कॉरिडोर पहुंचने पर यूनिट के ज्वाइंट प्रेसिडेंट अशोक अग्रवाल द्वारा सांसद का स्वागत किया गया। निरीक्षण के दौरान सांसद ने परिसर में प्रदर्शित अत्याधुनिक हथियारों का अवलोकन किया और विभिन्न असॉल्ट वेपन सिस्टम की तकनीकी विशेषताओं की विस्तृत जानकारी ली।

इस दौरान सांसद रमेश अवस्थी ने स्नाइपर गन से लक्ष्य पर निशाना साधा। उन्होंने हथियार को हाथ में लेकर उसका वजन परखा और फायरिंग का अनुभव लिया। इसके बाद वे शूटिंग रेंज पहुंचे, जहां उन्होंने कार्बाइन से लगातार पांच फायर किए।

अपने अनुभव साझा करते हुए सांसद ने कहा कि आधुनिक तकनीक के कारण हथियार पहले की तुलना में अधिक हल्के, सटीक और उपयोग में सहज हो गए हैं। हल्के हथियारों से फायरिंग के दौरान कंधे पर कम दबाव पड़ता है, जिससे जवानों की कार्यक्षमता बढ़ती है।

उन्होंने डिफेंस कॉरिडोर को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे देश की रक्षा क्षमता मजबूत होने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *