अकबरपुर डिग्री कॉलेज में दोपहर 12:30 बजे होगा भव्य आयोजन, जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से की सहभागिता की अपील
संवाददाता
कानपुर देहात।
भारतीय वीर नायकों की गौरवगाथा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कानपुर देहात में 27 अक्टूबर को प्रसिद्ध महाकाव्य ‘रश्मिरथी’ का नाट्य मंचन किया जाएगा। भारतेन्दु नाट्य अकादमी के स्वर्ण जयंती समारोह के अंतर्गत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में वीरता, स्वाभिमान, त्याग और संघर्ष की प्रेरणादायी गाथा मंच पर जीवंत होगी।
कार्यक्रम का आयोजन 27 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे अकबरपुर डिग्री कॉलेज, अकबरपुर में किया जाएगा। प्रख्यात साहित्यकार रामधारी सिंह दिनकर की कालजयी रचना ‘रश्मिरथी’ पर आधारित इस नाट्य प्रस्तुति का निर्देशन मिथलेश कुमार सिंह करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास और महान राष्ट्रनायकों की गाथाओं को नाट्य विधा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश के सभी जनपदों में ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन तथा मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल के मार्गदर्शन में कानपुर देहात में कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं।
वीरता और स्वाभिमान का संदेश देगी ‘रश्मिरथी’
रामधारी सिंह दिनकर की अमर कृति ‘रश्मिरथी’ महाभारत के महान योद्धा कर्ण के जीवन, संघर्ष, आत्मसम्मान और दानवीरता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। नाट्य मंचन के माध्यम से दर्शकों को कर्ण के व्यक्तित्व, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और मानवीय मूल्यों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। यह प्रस्तुति विशेष रूप से युवाओं में साहस, आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने में प्रेरणादायी होगी।
कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से की अपील
जिला प्रशासन ने जनपद के नागरिकों, साहित्यप्रेमियों, युवाओं और कला-संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों से अपील की है कि वे 27 अक्टूबर को दोपहर 12:30 बजे अकबरपुर डिग्री कॉलेज पहुंचकर ‘रश्मिरथी’ के नाट्य मंचन का आनंद लें और कलाकारों का उत्साहवर्धन करें। यह आयोजन साहित्य, रंगमंच और भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।