1 नवंबर को ईको पार्क के कम्युनिटी हॉल में लगेगा वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, 43 विभागों की योजनाओं का मिलेगा लाभ
संवाददाता
कानपुर देहात।
आमजन को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को तहसील सभागार डेरापुर में प्री-मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग कर लोगों को विभागीय योजनाओं, उपलब्ध सुविधाओं और उनसे लाभान्वित होने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात की ओर से आगामी 1 नवंबर 2026 को ईको पार्क स्थित कम्युनिटी हॉल में वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें जनपद के 43 विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इसी क्रम में आयोजित प्री-मेगा शिविर में महिला कल्याण, बेसिक शिक्षा, चिकित्सा, परिवहन, पुलिस, नगर पंचायत और राजस्व विभाग के प्रतिनिधियों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, सुविधाओं और उनका लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में बताया।
निःशुल्क विधिक सहायता और पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना की दी जानकारी
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल (एलएडीसी) श्री प्रशांत तथा असिस्टेंट एलएडीसी श्री आशुतोष ने उपस्थित लोगों को पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना, निःशुल्क विधिक सहायता और जनहित से जुड़ी अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों को कानूनी सहायता प्राप्त करने के तरीकों और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में उपजिलाधिकारी, तहसीलदार डेरापुर सहित अन्य अधिकारी, महिलाएं और किसान मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद एवं पात्र लोगों तक कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।