स्नातक चुनाव में जालौन ने तोड़ा मतदान का पिछला रिकॉर्ड, 54.75% वोटिंग

पिछले चुनाव के मुकाबले 17.64 प्रतिशत अंक अधिक हुआ मतदान, मतदाताओं में दिखा खासा उत्साह

संवाददाता
उरई/जालौन।

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव-2026 में जनपद जालौन के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले में कुल 54.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि पिछले चुनाव में मतदान का प्रतिशत 37.11 रहा था। इस बार मतदान प्रतिशत में 17.64 प्रतिशत अंक की वृद्धि दर्ज की गई।

मतदान केंद्रों पर दिखा मतदाताओं का उत्साह

मतदान के दौरान जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचे। शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से मतदान संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।

प्रशासन ने किए थे व्यापक इंतजाम

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी समीर के निर्देशन में निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। मतदान प्रक्रिया की लगातार निगरानी की गई और संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सुरक्षा कर्मियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए गए थे।

प्रशासनिक अधिकारियों के बीच समन्वय और व्यवस्थाओं के चलते जिले में मतदान प्रक्रिया सकुशल संपन्न हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी समीर ने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के योगदान की सराहना की। साथ ही मतदान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने वाले मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता रही। सभी संबंधित कार्मिकों के समन्वित प्रयासों से मतदान व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

पिछले चुनाव की तुलना में इस बार मतदान प्रतिशत में हुई वृद्धि को जिले में मतदाताओं की बढ़ी भागीदारी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति उनके उत्साह के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *