सुबह 10 से शाम 4 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए उपलब्ध होंगे फार्म-6
संवाददाता
उरई/जालौन।
जनपद जालौन में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नागरिकों और पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं को मतदाता पंजीकरण का अवसर उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में शनिवार, 24 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहकर नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया में सहायता करेंगे।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव राज ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर संचालित विशेष अभियान के तहत जनपद के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर कैंप लगाया जाएगा। यहां मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रहेंगे। आवेदन प्रक्रिया में सहायता के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी बनाई गई है।
ये दस्तावेज लेकर पहुंचें मतदाता
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता पंजीकरण कराने के इच्छुक लोगों से अपील की है कि वे अपनी नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास प्रमाण से संबंधित दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां लेकर संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचें। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (वोटर आईडी) नंबर उपलब्ध होने पर उसे भी साथ लाने की सलाह दी गई है, ताकि आवेदन प्रक्रिया में सुविधा हो सके।
अधिकारी करेंगे मतदान केंद्रों का निरीक्षण
विशेष कैंप के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभासदों, ग्राम प्रधानों और स्वयंसेवकों का सहयोग भी लिया जाएगा।
प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान के योग्य युवाओं को पंजीकरण का अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।