सेवा संकल्प अभियान में कला और जनभागीदारी का अनूठा संगम, जालौन की ऐतिहासिक विरासत से विकसित भारत-2047 तक की दिखी झलक
संवाददाता
उरई/जालौन
उरई। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सनातन धर्म बालिका इंटर कॉलेज परिसर में 50 मीटर व्यास के विशाल ‘भारत मंडल’ और भव्य ह्यूमन रंगोली के माध्यम से राष्ट्र गौरव, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। रंगों, कला और जनसहभागिता से सजी इस अनूठी प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
विशाल भारत मंडल में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों तथा देश की एकता और अखंडता के संदेश को प्रमुखता से दर्शाया गया। वहीं, ह्यूमन रंगोली के माध्यम से सामूहिक एकजुटता, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका को रचनात्मक रूप दिया गया। आयोजन के जरिए संदेश दिया गया कि विकसित भारत का सपना जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही साकार हो सकता है।
रंगोली में उभरी जालौन की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान
आयोजन की खासियत जनपद जालौन की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, औद्योगिक और प्राकृतिक विरासत का प्रदर्शन रहा। रंगोली में वीर अभई, पारंपरिक हस्तनिर्मित कागज उद्योग, ऐतिहासिक 84 गुंबद, पचनद और नून नदी जैसे स्थानीय पहचान से जुड़े विषयों को स्थान दिया गया। इसके माध्यम से राष्ट्रीय गौरव के साथ जिले की समृद्ध विरासत को भी प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम में कलाकारों की रचनात्मकता के साथ महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। मानव समूहों द्वारा तैयार ह्यूमन रंगोली ने एकता, सहयोग और साझा संकल्प की भावना को दर्शाया। जनकल्याणकारी योजनाओं को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत कर पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाने और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश दिया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया अवलोकन
भव्य भारत मंडल एवं ह्यूमन रंगोली का सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक, जिलाधिकारी समीर, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, कालपी विधायक के प्रतिनिधि आशीष चतुर्वेदी, मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अवलोकन किया।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित यह कार्यक्रम जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्थानीय विरासत को सम्मान देने और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने की पहल के रूप में सामने आया। विशाल भारत मंडल और ह्यूमन रंगोली के जरिए संदेश दिया गया कि सेवा से समाज सशक्त होता है, जनभागीदारी से विकास को गति मिलती है और सामूहिक संकल्प से विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को आगे बढ़ाया जा सकता है।