राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला की पहल पर रेल मंत्रालय ने दी स्वीकृति, ग्रामीणों की आवागमन संबंधी समस्या होगी दूर
संवाददाता
कानपुर देहात।
अकबरपुर-रनियां विधानसभा क्षेत्र के भाऊपुर और आसपास के ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम और फाटक बंद होने से होने वाली परेशानी को देखते हुए राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला की मांग पर भाऊपुर में दो रेलवे उपरगामी पुल (ROB) के निर्माण को मंजूरी मिल गई है।
राज्यमंत्री ने 5 फरवरी 2026 को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर भाऊपुर रेलवे स्टेशन के समीप ROB निर्माण की मांग की थी। इसके बाद रेल मंत्रालय ने कानपुर-टूंडला रेलखंड पर एलसी नंबर 85 (किमी 1038/13-15) और एलसी नंबर 86बी (किमी 1040/9-11) पर ROB निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है।
दोनों रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बंद होने से वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इससे राहगीरों को काफी समय तक इंतजार करना पड़ता है। ROB बनने से क्रॉसिंग पर जाम की समस्या कम होने और भाऊपुर सहित आसपास के गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
दोनों ROB की स्वीकृति को क्षेत्र में आवागमन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।