लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर, गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश
संवाददाता
कानपुर देहात
पुलिस कार्यालय में लंबित कार्यों एवं विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रगति को लेकर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने गुरुवार को समस्त शाखा प्रभारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यालय स्तर पर संचालित विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक ने शाखा प्रभारियों से उनके-अपने कार्यालय से संबंधित कार्यों एवं लंबित मामलों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यालयीन कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
गुणवत्ता और पारदर्शिता पर भी जोर
एसपी ने कहा कि कार्यों के निस्तारण में केवल तेजी ही नहीं, बल्कि गुणवत्ता, शुद्धता और पारदर्शिता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने तथा प्रत्येक कार्य की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान अभिलेखों के बेहतर रख-रखाव, पत्रावलियों के समयबद्ध निस्तारण तथा प्राप्त प्रार्थना पत्रों एवं कार्यालयी पत्राचार पर नियमानुसार कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। सभी शाखा प्रभारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
बेहतर समन्वय से कार्यक्षमता बढ़ाने पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर आपसी समन्वय बनाए रखने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समयबद्ध और व्यवस्थित कार्यप्रणाली से पुलिस कार्यालय की कार्यक्षमता को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।