वृद्धाश्रम पहुंचे डीएम-सीडीओ, वृद्धजनों को सम्मान देकर बांटी खुशियां

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बुजुर्गों से आत्मीय संवाद, जाना हाल-चाल और सुनी समस्याएं

संवाददाता
कानपुर देहात

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम, रनिया पहुंचे। यहां अधिकारियों ने आश्रम में रह रहे वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। अधिकारियों के पहुंचते ही वृद्धजनों के चेहरों पर खुशी नजर आई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने वृद्धजनों का सम्मान करते हुए उन्हें अंगवस्त्र, मिष्ठान एवं फल वितरित किए। दोनों अधिकारियों ने बुजुर्गों के साथ समय बिताकर उनके स्वास्थ्य, रहन-सहन और आश्रम में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही वृद्धजनों की समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना।

वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर : डीएम

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव, संस्कार और मार्गदर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और अपनत्व का व्यवहार करने का आह्वान किया।

वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण को लेकर प्रशासन प्रतिबद्ध

मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने वृद्धजनों के स्वस्थ, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि शासन एवं प्रशासन वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, सुरक्षा और बेहतर जीवन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्रम में रह रहे वृद्धजनों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली।

कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों ने अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर अधिकारियों की इस आत्मीय पहल से आश्रम में कुछ समय के लिए परिवार जैसा माहौल देखने को मिला और वृद्धजनों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई।

इस मौके पर तहसीलदार अकबरपुर पवन कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय रनिया, वृद्धाश्रम संचालक सहित आश्रम में निवासरत वृद्धजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *