30 निजी कंपनियों ने दिया रोजगार का अवसर, 2136 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा
संवाददाता
कानपुर देहात
सेवा संकल्प अभियान एवं उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत गुरुवार को पुखरायां स्थित श्री रामस्वरूप ग्रामोद्योग महाविद्यालय में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 30 निजी कंपनियों ने भाग लेकर युवाओं को विभिन्न रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
रोजगार मेले में कानपुर देहात सहित आसपास के क्षेत्रों से 2136 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न कंपनियों द्वारा साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद 1076 अभ्यर्थियों का प्राथमिक रूप से चयन किया गया। बड़ी संख्या में युवाओं के चयन से मेले में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कैबिनेट मंत्री ने किया उद्घाटन
रोजगार मेले का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने किया। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने युवाओं से उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
अधिकारियों और शिक्षकों ने संभाली व्यवस्थाएं
रोजगार मेले के सफल आयोजन में जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महाविद्यालय के प्रबंधक प्रकाश द्विवेदी, प्राचार्य डॉ. हरीश कुमार सिंह, प्रवक्ता पर्वत सिंह सहित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से वरिष्ठ सहायक राम किशोर सोनकर, कनिष्ठ सहायक पुनीत तिवारी तथा अजय, आकाश और रिशू सहित अन्य कार्मिकों ने मेले के संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
आगे भी आयोजित होंगे रोजगार मेले
जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार यादव ने बताया कि युवाओं को निजी क्षेत्र में बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोजगार मेलों का आयोजन आगे भी लगातार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं और निजी कंपनियों के बीच सीधा संपर्क स्थापित होता है तथा युवाओं को अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार के नए अवसर प्राप्त होते हैं।