सेवा संकल्प अभियान को लेकर तैयारियां तेज, 7 अक्टूबर को होंगे भव्य आयोजन

रंगोली से लेकर सेवा कलश यात्रा और इको पार्क के वृहद कार्यक्रम तक, तैयारियों की हुई समीक्षा

संवाददाता
कानपुर देहात

सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी 7 अक्टूबर को जनपद में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में विकास भवन में बैठक आयोजित कर कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर बनेगी वृहद रंगोली

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम के तहत जनपद के सभी विकासखंडों के साथ-साथ अकबरपुर इंटर कॉलेज, अकबरपुर में वृहद रंगोली का निर्माण कराया जाएगा।

अकबरपुर से माती तक निकलेगी सेवा कलश यात्रा

इसके साथ ही अकबरपुर डिग्री कॉलेज से डॉल्फिन तिराहा होते हुए माती तक सेवा कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की सहभागिता रहेगी।

यात्रा को व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए मार्ग व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

इको पार्क में होगा वृहद कार्यक्रम

वहीं इको पार्क, माती में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता और सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को होने वाले सभी कार्यक्रमों का आयोजन व्यवस्थित, भव्य एवं गरिमापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *