मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का शिकंजा, 11 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

उरई, कोंच, जालौन, कुठौंद, माधौगढ़ और कालपी में चला जांच अभियान, नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे

संवाददाता
उरई/जालौन

जिलाधिकारी के निर्देश पर आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान उरई, कोंच, जालौन, कुठौंद, माधौगढ़ और कालपी क्षेत्र में मिठाई, दूध, पनीर, खोया समेत अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 11 नमूने संग्रहित किए गए।

अलग-अलग प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने

अभियान के दौरान उरई के कोंच बस स्टैंड स्थित गहोई स्वीट्स एंड बेकर्स से बेसन के लड्डू का नमूना लिया गया। हरदोई गूजर स्थित मां कामाख्या स्वीट्स एंड बेकर्स से पनीर का नमूना संग्रहित किया गया।

कोंच क्षेत्र में जय प्रकाश नगर स्थित ढपली स्वीट्स से पेड़ा, गांधी नगर स्थित संतोष स्वीट्स हाउस से पनीर, रेलवे क्रॉसिंग के पास पुरानी हवेली की बिरयानी प्रतिष्ठान से चटनी तथा तीतरा खलीलपुर स्थित नरेन्द्र सिंह यादव उर्फ नत्थू की डेयरी से पनीर का नमूना लिया गया।

इसी क्रम में जालौन तहसील रोड स्थित सूजल मिष्ठान भंडार एवं दूध विक्रय केंद्र से दूध बर्फी का नमूना लिया गया। कुठौंद में औरैया रोड स्थित राजेश कुमार तिवारी के प्रतिष्ठान से पनीर तथा माधौगढ़ रोड स्थित नव्या स्वीट्स एंड बेकर्स से खोया का नमूना संग्रहित किया गया।

कालपी तहसील के टरननगंज क्षेत्र में मुहम्मद सफीक अंसारी के प्रतिष्ठान से बूंदी के लड्डू तथा प्रदीप सोनी के प्रतिष्ठान से मिल्क केक का नमूना लिया गया।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

खाद्य विभाग की टीम ने सभी 11 नमूनों को जांच के लिए संबंधित प्रयोगशाला भेज दिया है। विभाग के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई से खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश प्रसाद, कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार, अनिल कुमार कटियार और झनकार सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *