बसों की सघन चेकिंग, यात्रियों की सुरक्षा पर पुलिस की पैनी नजर

रोडवेज, स्लीपर और एसी बसों में परखे गए सुरक्षा इंतजाम, महिला यात्रियों से भी लिया फीडबैक

संवाददाता
उरई/जालौन

माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद के निर्देशों एवं अपर पुलिस महानिदेशक यातायात के आदेश के अनुपालन में जनपद जालौन में यात्री सुरक्षा को लेकर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में संचालित ‘Meet & Greet’ अभियान के तहत रोडवेज, स्लीपर एवं एसी बसों की सघन जांच की गई।

इसी क्रम में यातायात प्रभारी वीर बहादुर सिंह एवं थाना आटा प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ टोल प्लाजा उसाका, आटा पर बसों की विशेष चेकिंग की। इस दौरान बसों में लगे अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन निकास (Emergency Exit), सुरक्षा उपकरणों सहित अन्य निर्धारित सुरक्षा मानकों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता को परखा गया। रात्रिकालीन बस संचालन के दौरान सुरक्षा नियमों के पालन पर भी विशेष नजर रखी गई।

महिला यात्रियों से पुलिस ने लिया फीडबैक

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने बसों में सफर कर रहे यात्रियों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा एवं सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। विशेष रूप से महिलाओं, बालिकाओं एवं बच्चियों से महिला पुलिसकर्मियों ने संवाद कर यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया।

पुलिस टीम ने यात्रियों को किसी भी प्रकार की समस्या या असुविधा होने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए जागरूक किया। यात्रियों को सुरक्षा संबंधी जरूरी सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई।

बस संचालकों और चालकों को दिए निर्देश

यातायात पुलिस ने बस संचालकों एवं चालकों को निर्धारित यातायात और सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस जालौन के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *