अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के दिए सख्त निर्देश
संवाददाता
उरई/जालौन
जनशिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक जालौन ने क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल जनसुनवाई की। इस दौरान जिले के विभिन्न थानों एवं पुलिस कार्यालयों में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को सीधे सुना गया।
शिकायतों के निस्तारण की ली जानकारी
पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से शिकायतों की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सभी मामलों का उचित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी
वर्चुअल जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों को शिकायतों की नियमित निगरानी करने और उनके निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि फरियादी की समस्या का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि फरियादियों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनशिकायतों के निस्तारण के दौरान पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखी जाए, ताकि आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हो।