डीएम समीर ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर दी निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी
संवाददाता
उरई/जालौन
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन कार्यक्रम, नामांकन प्रक्रिया, जमानत राशि तथा नामांकन से संबंधित आवश्यक नियमों और व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
29 सितंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 सितंबर 2026 से शुरू होगी। नामांकन प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जा सकेगा। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर को की जाएगी, जबकि 9 अक्टूबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी।
झांसी में होगा नामांकन
डीएम ने बताया कि अभ्यर्थियों का नामांकन न्यायालय कक्ष, आयुक्त, झांसी मंडल, झांसी में किया जाएगा। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 10 हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 5 हजार रुपये जमानत राशि निर्धारित की गई है।
जमानत राशि नकद रूप में रिटर्निंग ऑफिसर के पास अथवा भारतीय रिजर्व बैंक/सरकारी कोषागार में जमा की जा सकती है।
पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया पर जोर
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन कार्यक्रम एवं एजेंडा की प्रतियां उपलब्ध कराईं और नामांकन से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराने में सभी संबंधित पक्षों का सहयोग आवश्यक है।
ये अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेम चन्द्र मौर्य, एसडीएम उरई उत्तम कुमार तिवारी, एसडीएम जालौन राकेश सोनी सहित भाजपा के विवेक कुशवाहा, बसपा के भगवती शरण पांचाल, सीपीआईएम के विनोद कुमार नगरिया, सपा के राजीव शर्मा एवं जमालुद्दीन, अपना दल (सोनेलाल) के अनिल कुदारी एवं रोहित राठौर, कांग्रेस के राजकुमार, आम आदमी पार्टी के विनय चौरसिया समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।