संवाददाता
कोंच/जालौन
कोंच। सोमवार, 21 सितंबर 2026 को डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोंच में उपचार कराने आई एक महिला के मंगलसूत्र का लॉकेट टूटकर कहीं गिर गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली कोंच पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी लेते हुए जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, महिला ग्राम वर्ध, थाना एट, जनपद जालौन की निवासी है। वह अपने परिवारीजनों के साथ उपचार कराने के लिए सीएचसी कोंच आई थी। इसी दौरान उसके मंगलसूत्र का लॉकेट टूटकर कहीं गिर गया। महिला ने घटना के संबंध में पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर लॉकेट की तलाश कराने का अनुरोध किया है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल परिसर तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मंगलसूत्र का लॉकेट कहां और किस स्थान पर गिरा।
पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों एवं जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।