संवाददाता
कानपुर देहात
अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेशों के क्रम में एवं पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रीमती श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में जनपद में सुरक्षित यातायात एवं सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों, मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फॉल्टी नंबर प्लेट का प्रयोग करने वालों तथा विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस द्वारा संयुक्त टीम गठित कर दिनांक 19/20 सितंबर 2026 की रात्रि को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों को रोककर साइलेंसर, हॉर्न एवं नंबर प्लेट की जांच की। इसके साथ ही ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की गई।
अभियान के तहत की गई कार्रवाई
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 95 वाहनों के चालान किए गए। इन उल्लंघनकर्ताओं से कुल ₹6,80,000 का शमन शुल्क वसूल करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फॉल्टी नंबर प्लेट का प्रयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के आकस्मिक चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।
जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा के लिए नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का सदैव पालन करें।