चौकीदारों को लाल साफा पहनाकर किया सम्मानित, अपराध रोकथाम के लिए दिए आवश्यक निर्देश
संवाददाता
माधौगढ़/जालौन
माधौगढ़। पुलिस अधीक्षक जालौन श्री विनय कुमार सिंह ने रविवार को कोतवाली माधौगढ़ परिसर में नवनिर्मित परिवार परामर्श केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ श्री अंबुज सिंह यादव एवं प्रभारी निरीक्षक माधौगढ़ श्री विनोद कुमार मिश्रा सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कोतवाली पहुंचने पर क्षेत्राधिकारी श्री अंबुज सिंह यादव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर पुलिस अधीक्षक श्री विनय कुमार सिंह का स्वागत किया। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक श्री विनोद कुमार मिश्रा ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर पुलिस अधीक्षक का अभिनंदन एवं स्वागत किया।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक श्री विनय कुमार सिंह ने नवनिर्मित परिवार परामर्श केंद्र का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कोतवाली क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं आपराधिक गतिविधियों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली तथा अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के चौकीदारों को लाल साफा पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने चौकीदारों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क निगाह रखें और अपराध की रोकथाम के लिए पूरी सजगता के साथ कार्य करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति अथवा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी सूचना तत्काल थाना पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
एसपी ने पुलिस एवं चौकीदारों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और चौकीदारों के बीच बेहतर तालमेल से क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी समय रहते प्राप्त की जा सकती है और अपराधों की रोकथाम में मदद मिल सकती है।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ श्री अंबुज सिंह यादव, प्रभारी निरीक्षक श्री विनोद कुमार मिश्रा सहित पुलिस बल एवं क्षेत्रीय चौकीदार मौजूद रहे।