संवाददाता
उरई / जालौन
सड़क हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उपचार व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण किया। अधिकारियों की इस त्वरित पहल से मरीजों एवं उनके परिजनों में भरोसा और राहत का माहौल देखने को मिला।
जिलाधिकारी ने आकस्मिक विभाग में भर्ती सभी घायलों के उपचार की प्रगति की जानकारी लेते हुए चिकित्सकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मरीज को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दवाओं, जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श में किसी प्रकार की देरी न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर सक्रिय रहें।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल परिसर में सुव्यवस्था बनाए रखने एवं घायलों के उपचार में हर संभव सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घटना की जांच करते हुए समन्वय के साथ कार्य करने को भी कहा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कुल 07 घायलों को उपचार हेतु लाया गया था, जिनमें अधिकांश की स्थिति अब स्थिर है, जबकि एक गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।