स्कूल वाहन पलटने की घटना पर सख्त कार्रवाई, प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी

प्रेस-विज्ञप्ति
उरई | 10 अप्रैल 2026

वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सुरेश कुमार ने बताया कि जनपद में एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है।

दिनांक 09 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 1:20 बजे अकबरपुर इटौरा स्थित ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल का एक निजी ईको वाहन (संख्या UP92AU5810), जो बच्चों को लेकर जा रहा था, इटौरा-काशीखेड़ा मार्ग पर लोहरगांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गया।

जांच में सामने आया कि उक्त वाहन स्कूली वाहन के निर्धारित मानकों को पूरा किए बिना ही संचालित किया जा रहा था, जो कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं परिवहन विभाग के सुरक्षा मानकों का सीधा उल्लंघन है।

घटना को गंभीर मानते हुए विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही को आपराधिक कृत्य माना गया है। इस संबंध में स्कूल की प्रबंधक, प्रधानाचार्य, वाहन स्वामी एवं अज्ञात चालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्रवाई हेतु कोतवाली कालपी में तहरीर दी गई है।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश मोटर यान नियमावली के अंतर्गत गठित विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।

इसके साथ ही प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा स्कूली वाहनों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया, जिसमें परमिट शर्तों के उल्लंघन सहित विभिन्न मामलों में 6 वाहनों के खिलाफ चालान/निरुद्ध की कार्रवाई की गई है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *