स्कूल चलो अभियान: डीएम ने एलईडी प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

कानपुर देहात | 04 अप्रैल 2026

स्कूल चलो अभियान के शुभारंभ के अवसर पर अकबरपुर तहसील परिसर में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने एलईडी प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जनपद भर में भ्रमण कर अभियान के प्रति जागरूकता फैलाएगा।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने अभिभावकों एवं शिक्षकों से आह्वान किया कि 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा विद्यालय में नामांकन से वंचित न रह जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि छूटे हुए बच्चों का सर्वे कर उन्हें ‘आउट ऑफ स्कूल’ श्रेणी में चिन्हित करते हुए विद्यालय से जोड़ा जाए और उन्हें आयु के अनुसार शिक्षा प्रदान की जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों को बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। कई स्कूलों में स्मार्ट क्लास की व्यवस्था की गई है, जिससे बच्चों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा मिल सके।

खंड शिक्षा अधिकारी अजीत प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि विद्यालयों में इंटरनेट सुविधा सुनिश्चित करने के लिए मार्च माह में धनराशि उपलब्ध कराकर विद्यालय प्रबंधन समितियों को भेज दी गई है, जिससे पूरे वर्ष इंटरनेट सेवाएं सुचारु रूप से चलती रहेंगी।

उन्होंने बताया कि यह एलईडी वैन शासन की मंशा के अनुरूप लघु फिल्मों एवं संदेशों के माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाएगी। यह वाहन सभी तहसीलों के प्रमुख बाजारों में भ्रमण कर आमजन तक बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं की जानकारी पहुंचाएगा।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, उप जिलाधिकारी सुरभि शर्मा, तहसीलदार पवन कुमार, नायब तहसीलदार रविंद्र सिंह, जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) सौरभ श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *