उरई / जालौन।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए नई डायलिसिस यूनिट मशीनों का शुभारंभ किया गया। इस यूनिट का उद्घाटन उत्तर प्रदेश विधान परिषद के माननीय सभापति श्री कुंवर मानवेन्द्र सिंह द्वारा लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से फीता काटकर किया गया।
इस पहल से जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों के किडनी रोगियों को अब स्थानीय स्तर पर ही बेहतर एवं सुलभ उपचार की सुविधा मिल सकेगी, जिससे उन्हें अन्य शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी।
कार्यक्रम के दौरान सभापति ने चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर जोर देते हुए कहा कि रोगीहित सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों को संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को और मजबूत करने का भरोसा भी दिलाया।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविन्द त्रिवेदी ने पिछले एक वर्ष में संस्थान द्वारा दी गई स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज लगातार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, जे.डी.सी. सभापति बृजभूषण सिंह, जलशक्ति मंत्री प्रतिनिधि अरविन्द चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मेडिकल एवं नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।