कानपुर देहात | अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं प्रदेश सरकार की मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने शनिवार को मैथा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर जनसुनवाई की और क्षेत्रीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
समाधान दिवस के दौरान कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 27, जिला पंचायत की 1, नगर पंचायत की 1, राशन आपूर्ति से संबंधित 3, विद्युत विभाग की 8, ब्लॉक स्तर की 7 तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी 9 शिकायतें शामिल रहीं।
मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने प्रत्येक शिकायत की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निस्तारण त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण अधिकतम एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए और इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही यह भी कहा कि किसी भी शिकायत को लंबे समय तक लंबित रखना शासन की मंशा के विपरीत है।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनहित और सुशासन के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। ऐसे में अधिकारियों का दायित्व है कि वे आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता के साथ उनका समाधान करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए आम जनता को राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए।