मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2) का शुभारंभ, एसपी ने स्कूटी रैली को दिखाई हरी झंडी नवरात्रि पर महिला सुरक्षा को लेकर बड़ा संदेश, जनजागरूकता अभियान तेज

उरई/जालौन।
नवरात्रि पर्व के शुभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा मिशन शक्ति अभियान 5.0 (द्वितीय चरण) का शुभारंभ किया गया। इस दौरान महिला सुरक्षा एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्कूटी दस्ता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

रैली पुलिस लाइन उरई से प्रारंभ होकर कालपी चौराहा, अंबेडकर चौराहा, कोतवाली उरई, घंटाघर, पीली कोठी एवं जेल रोड होते हुए पुनः पुलिस लाइन में संपन्न हुई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों का एक प्रमुख कारण अशिक्षा है। उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही महिलाएं आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकती हैं। साथ ही उन्होंने महिलाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर भी बल दिया।

महिला सुरक्षा को लेकर दिए गए विशेष निर्देश

  • महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ त्वरित व कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए
  • महिला बीट पुलिसिंग को मजबूत कर प्रत्येक महिला तक पुलिस की पहुंच बढ़ाई जाए
  • एंटी रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय रूप से संचालित किया जाए
  • सभी थानों पर महिला हेल्प डेस्क को और अधिक प्रभावी बनाया जाए
  • नवरात्रि व अन्य आयोजनों में महिला सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए

हर थाने पर स्थापित हुए महिला सुरक्षा केंद्र

महिला सुरक्षा सेवाओं को एकीकृत करते हुए प्रत्येक थाने पर महिला सुरक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से हेल्पलाइन 1090, 181, 112, महिला हेल्प डेस्क, बीट पुलिसिंग एवं एंटी रोमियो स्क्वॉड को एक साथ जोड़कर महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत अधिकारी/कर्मचारी गांव-गांव जाकर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करेंगे।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारीगण एवं अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *