मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण): महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण हेतु जागरूकता अभियान चलाया गया

संवाददाता, कानपुर देहात

मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 03 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात, श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया। अभियान के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

पुलिस टीम द्वारा महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, इमरजेंसी सेवा 112 एवं कंट्रोल रूम 1076 के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही UPCOP ऐप के उपयोग के बारे में बताते हुए पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के दौरान सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी प्रोफाइल/खातों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।

इसके अतिरिक्त महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक करते हुए POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

पुलिस द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना एवं समाज में सुरक्षा का माहौल स्थापित करना है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय रहते उचित सहायता प्रदान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *