संवाददाता
कानपुर देहात
मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत दिनांक 26 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद कानपुर देहात की थाना पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित किया गया, जिसमें सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों एवं अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम)—की जानकारी साझा की गई।
इसके अतिरिक्त, UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ उठाने के बारे में बताया गया तथा सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी प्रोफाइल/खातों से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय समझाए गए।
महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया गया, जिसमें POCSO एक्ट (बाल यौन शोषण से संरक्षण), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (साइबर अपराध) से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
पुलिस विभाग द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत यह अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करना है। साथ ही समाज में अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को सुदृढ़ करना भी इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।
कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत निकटतम पुलिस थाने या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।