संवाददाता
कानपुर देहात
मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 21 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सशक्तिकरण और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, अपराधों से बचाव के उपायों तथा उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई, जिनमें 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, यूपीकॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई गई तथा सोशल मीडिया पर बढ़ते साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी प्रोफाइल/खातों से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए गए।
महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के अंतर्गत पॉक्सो एक्ट (बाल यौन शोषण से संरक्षण), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
कानपुर देहात पुलिस द्वारा संचालित यह अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। पुलिस प्रशासन ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।