मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया

संवाददाता
कानपुर देहात

मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत दिनांक 01 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अभियान के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों जैसे 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) की जानकारी भी दी।

अभियान के दौरान UPCOP ऐप के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया, जिससे आमजन पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ उठा सकें। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराध जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी प्रोफाइल से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।

महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।

मिशन शक्ति 5.0 के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने की दिशा में यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *