मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान, सैकड़ों महिलाएं हुईं जागरूक कानूनी अधिकारों, हेल्पलाइन नंबरों व साइबर सुरक्षा की दी गई जानकारी

कानपुर देहात।
मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों एवं अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (वुमेन पावर लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) एवं 1076 (कंट्रोल रूम) के बारे में जानकारी दी गई।

इसके अलावा UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई तथा साइबर अपराधों—जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन धोखाधड़ी—से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।

महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक करते हुए POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई।

पुलिस द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा और समाज में महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या असुरक्षा की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *