जनपद जालौन | 11 अक्टूबर 2025
सूचना विभाग, प्रकाशनार्थ
“आत्मविश्वासी नारी, सुरक्षित नारी, स्वाभिमानी नारी” — इसी भावना के साथ जनपद जालौन में मिशन शक्ति 5.0 अभियान महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में नई प्रेरणा बनकर उभरा है।
रानी लक्ष्मीबाई सभागार, विकास भवन में जिलाधिकारी श्री राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार के नेतृत्व में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला ग्राम प्रधानों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, स्वास्थ्य विभाग की आशा व एएनएम कार्यकर्ताओं, पुलिस विभाग की महिला आरक्षियों तथा बेसिक शिक्षा विभाग की अध्यापिकाओं ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि “मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की एक सशक्त यात्रा है।” उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न विभागीय योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कर्मचारी और जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।
उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने आस-पास की अन्य महिलाओं और बालिकाओं को भी जागरूक करें ताकि कोई भी महिला भय या असहायता की स्थिति में न रहे।
उन्होंने कहा — “आज की नारी सिर्फ सशक्त नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन की प्रेरणा बन चुकी है।”
इस अवसर पर ग्राम प्रधान बबली देवी (सिंहपुरा), वन स्टॉप सेंटर की जूली खातून एवं समाजसेवी शकुंतला यादव ने अपने प्रेरक अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार उन्होंने सामाजिक चुनौतियों का सामना कर स्वयं को स्थापित किया और अन्य महिलाओं के लिए उदाहरण बनीं। उनके अनुभवों ने उपस्थित महिलाओं को आत्मविश्वास, साहस और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि “महिलाएं समाज की वास्तविक शक्ति हैं। मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना और उन्हें हर परिस्थिति में आत्मविश्वास से भरना है।”
उन्होंने महिलाओं से कहा कि किसी भी समस्या या हिंसा की स्थिति में वे महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, या साइबर हेल्पलाइन 1930 का तुरंत उपयोग करें — सरकार और पुलिस सदैव उनके साथ हैं।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप वर्मा, डीडीओ निशान्त पाण्डेय, सीओ अर्चना सिंह सहित बड़ी संख्या में नारी शक्ति उपस्थित रही और अभियान के प्रति उत्साह एवं समर्थन व्यक्त किया।